Chakda Xpress first look: बॉलीवुड फिल्म स्टार अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) को अगर आप लंबे वक्त से सिल्वर स्क्रीन पर मिस कर रहे हैं तो उनके स्वागत के लिए तैयार हो जाइए। फिल्म स्टार अनुष्का शर्मा ने आखिरकार लंबे वक्त बाद अपने अगले प्रोजेक्ट का ऐलान कर दिया है। अदाकारा अपनी अगली फिल्म चकदा एक्सप्रेस (Chakda Xpress)को लेकर जल्दी ही दर्शकों के बीच पहुंचने वाली है। खास बात ये है कि ये फिल्म नेटफ्लिक्स (Netflix) पर स्ट्रीम होगी। जिसकी जानकारी अदाकारा ने एक एनाउंसमेंट टीजर वीडियो के जरिए दी है।

अनुष्का शर्मा ने सोशल मीडिया पर अपनी अगली फिल्म का एनाउंसमेंट टीजर वीडियो जारी कर अपना दमदार लुक दिखाया है। इस वीडियो के जरिए अदाकारा ने बताया है कि वो अपनी अगली फिल्म में एक क्रिकेटर का किरदार निभाएंगी। दरअसल, ये पूर्व भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान झूलन गोस्वामी की कहानी पर आधारित है। जिसमें अदाकारा अनुष्का शर्मा झूलन गोस्वामी (Jhulan Goswami) का किरदार निभाने वाली हैं। इस एनाउंसमेंट टीजर वीडियो में अनुष्का शर्मा क्रिकेट के मैदान पर दमदार एंट्री करती दिख रही हैं। ये वीडियो आप यहां देख सकते हैं।

अनुष्का शर्मा करीब 4 साल बाद स्क्रीन पर लौटने की तैयारी में है। वो बीती दफा शाहरुक खान, कटरीना कैफ स्टारर फिल्म जीरो में नजर आई थी। ये फिल्म साल 2018 में रिलीज हुई थी। हालांकि ये फिल्म उस वक्त बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं कर पाई थी। इसके बाद एक्ट्रेस ने फिल्मी दुनिया से एक ब्रेक ले लिया था। इस दौरान अनुष्का शर्मा अपने पहले बच्चे की मां बनीं। अनुष्का शर्मा और विराट कोहली के घर वामिका का जन्म हुआ। अब दोबारा अनुष्का शर्मा फिल्मी दुनिया में अपनी दूसरी पारी की तैयारी में जुट गई है। अदाकारा ने बताया है कि इस फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है।